दिव्यांग बच्चों ने देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
अनमोल फाउंडेशन में गूंजे देशभक्ति गीत, प्रस्तुत किए गए नाटक और रंगारंग कार्यक्रम
काशीपुर। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और संघर्ष को नमन करते हुए अनमोल फाउंडेशन बाल देखरेख संस्थान, काशीपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। इसके बाद दिव्यांग बच्चों ने देशभक्ति गीतों, रंगारंग प्रस्तुतियों और देशभक्ति से ओतप्रोत नाटकों के माध्यम से आजादी के संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आजादी हमें यूं ही नहीं मिली। इसके पीछे अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, संघर्ष और बलिदान छिपा है। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी सहित असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। स्वतंत्रता दिवस हमें उनके बलिदान को याद करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश भी दिया कि शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा, हौसले और देशप्रेम की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। दिव्यांग बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर उपस्थित लोगों का मन जीत लिया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं उपस्थित अतिथियों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस अवसर पर अनमोल फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी चौहान, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र उधम सिंह नगर के नोडल अधिकारी श्री सतीश कुमार चौहान, पूर्व सदस्य जिला बाल कल्याण समिति श्रीमती हरनीत कौर, समाजसेवी श्री मनमोहन, एडवोकेट हरदीप शर्मा, सब इंस्पेक्टर हल्द्वानी श्री अभिषेक वत्सल, अक्षय कुमार, श्रीमती हेमलता, श्रीमती शीतल, श्रीमती कंचन चौहान, सचिन कुमार, दीपक कुमार, रेखा, रीना शर्मा, उर्मिला सहित दिव्यांग बच्चों के माता-पिता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।