विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी उड़ान, काशीपुर में वातानुकूलित ‘भारत पुस्तकालय’ का शुभारंभ
काशीपुर। क्षेत्र के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सोमवार को डिजाइन सेंटर काशीपुर में वातानुकूलित ‘भारत पुस्तकालय’ का भव्य शुभारंभ किया गया।
पुस्तकालय का उद्घाटन नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली एवं काशीपुर ब्लॉक प्रमुख चन्द्र प्रभा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं ज्ञानवर्धन के लिए प्रेरित किया।

पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए शांत एवं सुविधाजनक अध्ययन कक्ष, पुस्तकें, समाचार पत्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वातानुकूलित अध्ययन कक्ष होने से विद्यार्थियों को लंबे समय तक बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी के.के. पांडे, सहायक खंड विकास अधिकारी देशराज, ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, ग्राम विकास अधिकारी अजय यादव, उमेश बरनोला सहित एनआरएलएम स्टाफ, नगर के संभ्रांत नागरिक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने पुस्तकालय के शुभारंभ को विद्यार्थियों के लिए सराहनीय और उपयोगी पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि यह सुविधा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभदायक साबित होगी।
भारत पुस्तकालय का संचालन विकास खंड काशीपुर द्वारा किया जा रहा है।