बारिश में नाले का जलस्तर बढ़ने से नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त, जल्द होगी मरम्मत: दीपक बाली
काशीपुर। तीव्र वर्षा के चलते काशीपुर के वार्ड नंबर 3 स्थित आनंदम सोसाइटी के पास बहने वाले नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नाला संकरा होने के कारण पानी का बहाव तेज होने पर वह ओवरफ्लो हो गया, जिससे आसपास की बस्ती में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान नाले के तेज बहाव की चपेट में आकर हाल ही में निर्मित सड़क का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर कट कर बह गयाहै।



स्थानीय लोगों के अनुसार इस नाले में करीब पांच वार्डों का पानी आता है। बरसात के मौसम में नाला संकरा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है और ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नाले को पक्का करने, चौड़ीकरण कराने तथा पुलिया निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा नगर निगम सहित विभिन्न स्तरों पर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं।
स्थानीय नागरिकों ने 1 जुलाई 2026 को महापौर एवं नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देकर नाले की समस्या से अवगत कराया था। शिकायत में विशेष रूप से हाल ही में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सड़कों की सुरक्षा को देखते हुए नाले को पक्का एवं चौड़ा करने तथा आवश्यक स्थान पर पुलिया निर्माण की मांग की गई थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए महापौर दीपक बाली ने समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई शुरू कराई। बताया गया कि पुलिया निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी कराई जा चुकी है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि “तीव्र गति से हुई वर्षा के कारण नाले का जलस्तर बढ़ने से जो नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, उसकी मरम्मत का कार्य अतिशीघ्र कराया जाएगा। इसके साथ ही नाले का सर्वे कराकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए नाले को पक्का एवं चौड़ा करने की कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं जानकारी मिलते ही नगर निगम के ठेकेदार अमित राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पुलिया निर्माण के लिए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर कार्य शुरू कराने की बात कही।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नाले के चौड़ीकरण और पुलिया निर्माण के बाद बरसात के दौरान होने वाले जलभराव के साथ-साथ आसपास की सड़कों को क्षतिग्रस्त होने से भी राहत मिलेगी।
