देशभक्ति के रंग में रंगा विवेकानंद विद्या मंदिर, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

काशीपुर। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायण नगर, बाजपुर रोड स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संस्थापिका श्रीमती निशा सिंह, प्रबंधक मानवेन्द्र सिंह मानस एवं प्रधानाचार्य अरविंद राव ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभक्ति गीतों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, ‘ऐ वतन-ऐ वतन’ सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं ‘बेटी हूं मैं बेटी तारा बनूंगी’ गीत पर अभिभावक माताओं ने जोरदार तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों में जहां देश के प्रति प्रेम और सम्मान की झलक दिखाई दी, वहीं अभिभावकों की भागीदारी ने समारोह को और भी खास बना दिया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एम. इस्लाम, शशि कुमार, यश, आदित्य गौतम, पूजा खुराना, ललिता गुसाईं, शोभा शर्मा, मीनाक्षी, प्रियंका, मोनिका, उषा, शिराली, पूजा गुप्ता, पिंकी सक्सेना, सुशीला, मनीषा, शगुन, अर्शी, कामिनी एवं बाल भारती सहित विद्यार्थियों कृष्णा खुराना, शिवम, अरमान, सोमित पाल, यश, स्वाती, अहाना आदि का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना जगाने के संकल्प के साथ मनाया।