Share the Post

एनजीटी की कार्रवाई के बाद चांदपुर में फिर पेड़ कटान का मामला, वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की सीज

काशीपुर। ग्राम चांदपुर क्षेत्र में पेड़ों के कथित कटान को लेकर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई 13 नवंबर 2026 की रात लीची के दो पेड़ों के काटे जाने की सूचना के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, चांदपुर क्षेत्र में हेमपुर एंक्लेव नाम से आवासीय कॉलोनी विकसित किए जाने को लेकर पहले भी मामला चर्चा में रहा है। क्षेत्र में पेड़ों के कटान को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की कार्रवाई और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाए जाने की बात सामने आ चुकी है। स्थानीय स्तर पर बताया गया है कि पूर्व कार्रवाई में करीब 276 पेड़ों से संबंधित मामले में लगभग 67 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का प्रावधान किया गया था।

इसी बीच 13 नवंबर की रात वन विभाग को ग्राम चांदपुर में लीची के दो पेड़ काटे जाने की सूचना मिली। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पेड़ काटने वाले लोग कथित रूप से मौके से भाग गए। टीम ने मौके से यूके-19-सीए-1695 नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। ट्रॉली में लकड़ी बरामद होने की बात वन विभाग की ओर से बताई गई है।

कार्रवाई में काशीपुर रेंज के रेंजर महेंद्र सिंह बिष्ट, वन दरोगा ललित, वन आरक्षी जसपाल सिंह, जयप्रकाश सिंह यादव तथा वीरपाल सहित वन विभाग की टीम शामिल रही।

एसडीओ के माध्यम से डीएफओ को भेजा मामला

काशीपुर रेंज के रेंजर महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वन विभाग की ओर से मौके पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि प्रकरण को एसडीओ के माध्यम से डीएफओ तराई पश्चिमी वन प्रभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के स्तर से की जाएगी।

एनजीटी की कार्रवाई के बावजूद कटान पर उठ रहे सवाल

चांदपुर क्षेत्र में पहले से पेड़ों के कटान को लेकर मामला गंभीर बना हुआ है। एनजीटी की कार्रवाई के बाद एक बार फिर पेड़ काटे जाने का मामला सामने आने से वन एवं पर्यावरणीय नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि क्षेत्र में आवासीय कॉलोनी के नाम पर लगातार पेड़ों का कटान होता रहा तो इसका सीधा असर पर्यावरण और क्षेत्र के हरित आवरण पर पड़ेगा।

अब देखना यह होगा कि डीएफओ स्तर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और क्या वन विभाग यह भी जांच करेगा कि काटे गए पेड़ों के संबंध में किसी प्रकार की अनुमति ली गई थी या नहीं।

By admin