आंवला नवमी पर कृष्णापुरी के तिकोनिया पार्क में हुआ विशेष पूजन
लखनऊ। आंवला नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को कृष्णापुरी स्थित तिकोनिया पार्क में श्रद्धालुओं द्वारा विशेष पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष का विधिवत पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी का पर्व भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना से जुड़ा हुआ है। वहीं ब्रज एवं वैष्णव परंपरा में आंवला नवमी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण और राधिका के प्रेम से भी जोड़ा जाता है। मान्यता है कि इस पावन दिवस पर राधा-कृष्ण के प्रेम का स्मरण करने और आंवला वृक्ष की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के चारों ओर परिक्रमा की तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को आंवला नवमी की शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। आंवला नवमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
