Share the Post

रुद्रपुर, 18 नवंबर, 2026-मुख्य कृषि अधिकारी डॉ वी0के0एस0 यादव ने बताया कि जनपद के समस्त किसान भाईयों/बहनों को सूचित किया जाता है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार दिनांक 16 नवंबर, से जनपद में उर्वरक का वितरण ऑनलाईन टोकन प्रणाली के आधार पर किया जा रहा है। सुगमतापूर्वक उर्वरक प्राप्त करने के लिए कृषकों को अपने एंड्रॉइड फोन में गूगल प्ले स्टोर से Framework for Fertilizer Sale (FFS) ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। इस ऐप पर कृषक अपनी फार्मर आई0डी0 और आधार नम्बर दोनों के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऐसे कृषक जिनकी फार्मर आई0डी0 अभी तक नहीं बनी है, वे अपने आधार नम्बर के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। टोकन जनरेट करने की सम्पूर्ण प्रक्रिया में भूमि एवं फसल का विवरण, उर्वरक और उसकी मात्रा, उर्वरक विक्रेता का चयन व जनरेट क्यूआर कोड/टोकन करना है।

इसके उपरान्त भू-स्वामी और भूमि का विवरण स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। फार्मर आई0डी0 से लॉगिन करने पर कृषक की भूमि का विवरण स्वतः प्रदर्शित हो जाएगा, जबकि आधार नम्बर से रजिस्ट्रेशन करने वाले कृषकों को Add/Claim Land Details विकल्प में जाकर अपनी श्रेणी व उप-श्रेणी का चयन करना होगा।

उपरोक्त विकल्पों में से कृषक अपनी सम्बन्धित श्रेणी का चयन कर Land Detail में भूमि का आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। ऐसे कृषक जिनका भूमि रिकॉर्ड तहसील स्तर से ऑनलाईन नहीं हो पाया है, वे अपने अभिलेख भौतिक रूप से एफ0एफ0एस0 ऐप पर अपलोड कर सकते हैं।

समस्त विवरण दर्ज करने के पश्चात् कृषक का टोकन जनरेट हो जायेगा। टोकन जनरेट करते समय ही उर्वरक और उसकी मात्रा तथा सम्बन्धित डीलर (जहां से कृषक उर्वरक क्रय करना चाहता है) का चयन करना होगा। कृषक इस क्यूआर कोड को सम्बन्धित उर्वरक विक्रेता के केन्द्र पर ले जाकर पी0ओ0एस0 मशीन में स्कैन कराकर अपनी आवश्यकतानुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं।

अतः किसान भाईयों/बहनों से अनुरोध है कि उपरोक्तानुसार प्रक्रिया को अपनाकर उर्वरक प्राप्त करें और किसी प्रकार की समस्या होने पर कृषि विभाग के निकटतम कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

By admin