स्वाभिमान पर्व का द्वितीय चरण अब स्वावलंबन पर्व के रूप में मनाया जाएगा
एक लाख गांवों में शिक्षा और सेवा का दीप जलाने का संकल्प, ग्राम संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
रांची। एकल अभियान ने स्वाभिमान पर्व के द्वितीय चरण को स्वावलंबन पर्व के रूप में पूर्ण करने का निर्णय लिया है। यह चरण 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य संभाग, भाग, अंचल, संघ और ग्राम स्तर तक स्वावलंबन के माध्यम से स्वाभिमान की स्थापना करना तथा समाज के व्यापक सहयोग, समयदान और श्रमदान के माध्यम से एकल अभियान को जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाना है।
परिपत्र के अनुसार एकल अभियान के तीन प्रमुख घटक नगर संगठन, ग्राम संगठन और सेवाव्रती कार्यकर्ता हैं। नगर संगठन सक्षम परिवारों से संपर्क कर आर्थिक सहयोग जुटाएगा, जबकि सेवाव्रती कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर समयदान और श्रमदान के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इन दोनों के बीच सेतु के रूप में ग्राम संगठन को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
एक लाख गांवों में शिक्षा और सेवा का संकल्प
अभियान ने एक लाख गांवों में शिक्षा दीप प्रज्वलित करने और एक लाख ग्राम संगठन परिवारों में सेवा दीप जलाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही देशभर में एक लाख ऐसे दानदाता एवं समर्पित परिवार तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जो अपनी सामर्थ्य के अनुसार अभियान के संचालन एवं विस्तार में नियमित योगदान दें। परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि सहयोग की राशि छोटी हो या बड़ी, महत्व समर्पण की भावना का है।
सेवाव्रती कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियां
द्वितीय चरण में सेवाव्रती कार्यकर्ताओं को निर्धारित केंद्रों पर समितियों को सक्रिय करने, नए परिवारों से संपर्क बढ़ाने, साप्ताहिक सत्संग शुरू करने, समयदान एवं धन सहयोग के लिए परिवारों को प्रेरित करने तथा नई कार्यकर्ता टोली तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही प्रत्येक केंद्र को आर्थिक और संगठनात्मक रूप से स्वावलंबी बनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने पर बल दिया गया है।
अभियान के तहत समितियों के सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क, साप्ताहिक सत्संग, नए परिवारों को जोड़ने, समयदान के लिए प्रेरित करने और वार्ड स्तर तक सत्संग का विस्तार करने जैसे कार्य किए जाएंगे। स्वावलंबन के लिए घर-घर संपर्क कर धन-संग्रह करने की भी योजना है।
प्रत्येक संच केंद्र पर 30 परिवार जोड़ने का लक्ष्य
परिपत्र में प्रत्येक संच केंद्र के लिए न्यूनतम 30 परिवारों को ग्राम संगठन से जोड़ने, साप्ताहिक सत्संग प्रारंभ करने और जुड़े सदस्यों को देश एवं समाज के लिए समयदान हेतु प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा संच के अंतर्गत आने वाले 30 गांवों के लिए 30 पुरुष कार्यकर्ता तैयार करने तथा 30 महिलाओं को आचार्य की अभिभावक माता के रूप में जिम्मेदारी देने की योजना भी निर्धारित की गई है।
28 फरवरी 2027 होगी अंतिम समय-सीमा
स्वाभिमान पर्व के द्वितीय चरण की प्रगति की प्रत्येक स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी। 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में संतोषजनक प्रगति करने वाली समितियों और संबंधित कार्यकर्ताओं को ही फरवरी 2027 में आयोजित ग्राम संगठन की राष्ट्रीय बैठक में सहभागी होने का अवसर मिलेगा। वहीं 28 फरवरी 2027 लक्ष्य पूर्ति की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई है। फरवरी 2027 तक हुए स्वावलंबन संग्रह को वर्ष 2027-28 के BDP एवं PRP का आधार बनाया जाएगा।
एकल अभियान के केंद्रीय अभियान प्रमुख ललन कुमार शर्मा द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि स्वाभिमान पर्व का द्वितीय चरण केवल तीन महीने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एकल अभियान की संगठनात्मक एवं आर्थिक स्वावलंबन यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
