सेवानिवृत्ति पर मास्टर वेदपाल सिंह का हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन
Share the Post

सेवानिवृत्ति पर मास्टर वेदपाल सिंह का हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन

महुआखेड़ागंज। शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त होने पर क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षक वेदपाल सिंह का नागरिक अभिनंदन किया गया। नगर पालिका महुआखेड़ागंज के अध्यक्ष रिजवान अहमद की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा विभाग में लंबे समय तक उनके द्वारा दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ समाज के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया। उनके सरल, सहज एवं सहयोगी व्यवहार की क्षेत्रवासियों ने जमकर प्रशंसा की।

विदाई समारोह में शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षाविदों एवं अध्यापकों ने भी मास्टर वेदपाल सिंह को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। सम्मान पाकर वेदपाल सिंह भावुक नजर आए और उन्होंने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक, स्कूली बच्चे एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि एक शिक्षक की सेवानिवृत्ति केवल विभागीय सेवा का अंत नहीं, बल्कि उनके वर्षों के अनुभव और सामाजिक योगदान को सम्मान देने का अवसर भी है।

By admin