बारिश में बच्चों को लेकर एसडीएम की चौखट पहुंची मां, फरियाद सुनते ही मौके पर दौड़ी प्रशासन की टीम
प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्माण संबंधी खामियों और मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने की शिकायत, 584 फ्लैटों के लाभार्थियों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
काशीपुर। बाहर तेज बारिश हो रही थी गोद में एक बच्चा, दूसरे हाथ से दूसरे बच्चे की उंगलियां थामे नीतू देवी के कदम एसडीएम कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। चेहरे पर परेशानी और मन में अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता लिए वह प्रधानमंत्री आवास योजना गंगापुर गोसाई में सामने आ रही समस्याओं की फरियाद लेकर एसडीएम अभय प्रताप सिंह के पास पहुंचीं। उनकी बात सुनने के बाद एसडीएम ने मामले को टालने के बजाय तत्काल कार्रवाई की और कानूनगो शिशु कुमार को मौके पर भेजकर स्थिति का मुआयना करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस त्वरित पहल से लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे आवास योजना के लाभार्थियों को अब उम्मीद की नई किरण दिखाई दी है।

प्रधानमंत्री आवास योजना गंगापुर गोसाई में करीब 584 फ्लैटों का निर्माण AKG-JVG (JV) द्वारा कराया गया है। लाभार्थियों का कहना है कि फ्लैटों में रहने के बाद कई निर्माण संबंधी खामियां सामने आई हैं। उनका आरोप है कि इन समस्याओं से आवासों की सुरक्षा, संपत्ति और परिवारों की जीवन गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
लाभार्थियों के मुताबिक समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों और निर्माण कंपनी के समक्ष कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसके बाद लाभार्थियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने एसडीएम काशीपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जांच में सामने आएगी निर्माण की हकीकत
ज्ञापन में लाभार्थियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, स्वीकृत मानकों के अनुपालन और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जांच कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण कंपनी AKG-JVG (JV) तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराए जाने की मांग की गई है। लाभार्थियों ने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और आवासों की कमियों को दूर कराया जाए।
नीतू देवी की फरियाद पर एसडीएम द्वारा तत्काल मौके पर टीम भेजे जाने को लेकर लाभार्थियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की। अब उनकी निगाहें मौके की जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई एसडीम काशीपुर पर टिकी हैं।