प्रधानमंत्री आवास योजना की समस्याओं पर मंथन पर बैठक
काशीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना, गंगापुर गोसाई में व्याप्त समस्याओं को लेकर जय मां भारती संस्था के तत्वावधान में एडवोकेट हरदीप शर्मा के कार्यालय में लाभार्थियों की बैठक हुई। इसमें ब्लॉक डी-1, सी-1 और सी-2 के लाभार्थियों ने सड़क पर जलभराव, स्ट्रीट लाइट, पार्क के समतलीकरण, रसोई व शौचालय की समस्याओं तथा मकानों में सीलन और पाइपलाइन संबंधी दिक्कतों पर चर्चा की।
बैठक में समस्याओं के समाधान के लिए आवास विकास परिषद, देहरादून को पत्र भेजने तथा उसकी प्रतिलिपि जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर और एसडीएम काशीपुर को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में एडवोकेट हरदीप शर्मा, नेहा ग्रीस, नीतू देवी, रानी शर्मा, मंजू देवी, पूनम, मनीषा, रीता देवी, रेखा देवी और सरस्वती देवी सहित कई लाभार्थी मौजूद रहे।
