पीएम आवास के 584 लाभार्थी परिवारों ने उठाईं मूलभूत समस्याएं
मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पीएम आवास की समस्याओं के समाधान की मांग
काशीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना गंगापुर गोसाई, कुंडेश्वरी रोड के 584 लाभार्थी परिवारों ने आवासीय परिसर की मूलभूत समस्याओं, निर्माण गुणवत्ता और सुविधाओं को लेकर एडवोकेट हरदीप शर्मा समाजसेवी की नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री से मात्र दो मिनट का समय देकर उनकी समस्याएं प्रत्यक्ष रूप से सुनने और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
ज्ञापन में आवासीय परिसर के निर्माण कार्यों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की गई। लाभार्थियों ने भवनों की संरचनात्मक स्थिति, निर्माण सामग्री, सड़क, नाली, सीवर, जल निकासी और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण कराने तथा कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी, ठेकेदार या निर्माण कंपनी की जिम्मेदारी निर्धारित करने की मांग रखी।
लाभार्थियों के अनुसार परिसर का स्तर मुख्य सड़क से करीब तीन फीट नीचे होने के कारण बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनती है। उन्होंने स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की। सीवर और गंदे पानी के उचित निस्तारण, पेयजल पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मानकों के अनुरूप मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइटों की विद्युत कनेक्शन सहित नियमित संचालन की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
इसके अलावा 584 परिवारों की संख्या को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था, बच्चों के लिए सुरक्षित खेल मैदान, सामुदायिक भवन, नियमित सफाई, नालियों की सफाई और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
लाभार्थियों ने जांच के बाद प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए विभागवार जिम्मेदारी और निश्चित समयसीमा तय करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ सम्मानजनक जीवन देना है। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री से समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की उम्मीद जताई।
इस ज्ञापन को मुख्यमंत्री को देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना का एक शिष्ट मंडल में हरदीप शर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सोपा इस ज्ञापन में काफी लाभार्थियों ने हस्ताक्षर किए गए।