अंधेरे में डूबा चैती डोला मार्ग, नशेड़ियों का अड्डा बनने का आरोप
करीब एक करोड़ की लागत से बने मार्ग पर 10 लाइटें खराब, शाम होते ही बढ़ती है असामाजिक तत्वों की सक्रियता
स्थानीय लोगों में आक्रोश, नगर निगम से तत्काल लाइटें ठीक कराने की मांग; आईटीआई पुलिस ने बढ़ाई गश्त
काशीपुर। मां बाल सुंदरी भगवती के चैती मंदिर के डोले के आवागमन के लिए करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया चैती डोला मार्ग इन दिनों अंधेरे में है। मार्ग पर लगी करीब दस स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम ढलते ही अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। इससे मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
चैती मेले के दौरान मां बाल सुंदरी का डोला इसी मार्ग से होकर गुजरता है। सामान्य दिनों में भी बड़ी संख्या में लोग इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय मार्ग के किनारे वाहन खड़े कर कुछ लोगों के नशा करने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। शराब के अलावा गांजा, अफीम और नशे के इंजेक्शन आदि के सेवन का भी आरोप लगाया गया है।
अंधेरा बना असामाजिक तत्वों के लिए सहारा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी रहती तो संदिग्ध गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता था। वर्तमान में 10 लाइटें खराब होने से मार्ग के कई हिस्से अंधेरे में डूब जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों के खड़े रहने की शिकायतें मिल रही हैं। लोगों ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रात में इस मार्ग से गुजरने में असुरक्षा महसूस होती है।
समाजसेवी ने नगर निगम को कराया अवगत
समाजसेवी एडवोकेट हरदीप शर्मा ने मार्ग पर खराब पड़ी करीब दस लाइटों की मरम्मत के लिए नगर निगम काशीपुर को लाइट मरमत पजिका में लिखित में शिकायत दर्ज कर के अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होना जरूरी है। लाइटें तत्काल ठीक होने से आम लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी आसान होगी।
पुलिस ने बढ़ाई गश्त, कार्रवाई का भरोसा
मामले में आईटीआई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद पांडे से वार्ता की गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि नशे या अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर निगम खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराए और पुलिस नियमित गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि चैती डोला मार्ग आमजन के लिए सुरक्षित बनाया जा सके।