पीएम आवास की एक साल बाद शुरू हुई सड़क मरम्मत, मानकों पर उठे सवाल, ठेकेदार घेरे में
काशीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना गंगापुर गोसाई, कुंडेश्वरी रोड में पेयजल आपूर्ति के लिए पेयजल निगम द्वारा ओवरहेड टैंक का निर्माण कर सड़कें खोदकर पाइपलाइन बिछाई गई थी। पाइपलाइन बिछे एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने 24 जुलाई 2026 को एसडीएम काशीपुर को शिकायत दी थी। शिकायत के बाद संबंधित ठेकेदार ने मरम्मत कार्य शुरू कराया, लेकिन लाभार्थियों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
बताया गया कि पेयजल विभाग का ठेका अर्माट एजेंसी, बनारस, प्रोपराइटर मुकुंद अर्जुन उपाध्याय को करीब 1.32 करोड़ रुपये की लागत से दिया गया है। कार्य पूर्ण करने की निर्धारित अवधि 16 जुलाई 2026 थी, लेकिन निर्धारित समय तक काम पूरा नहीं हुआ। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से कार्य कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क मरम्मत में गुणवत्ताहीन सामग्री का इस्तेमाल कर केवल खानापूर्ति की जा रही है। कॉलोनी में जगह-जगह गड्ढों में पानी भरा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी हो रही है तथा छुटपुट हादसे भी हो रहे हैं। जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हैं, जो बारिश में सड़कों पर फैलकर कीचड़ का रूप ले रहे हैं। लाभार्थियों ने कार्य की तकनीकी जांच कराने व दोषी ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला आपके द्वारा मेरे संज्ञान में लाया गया है सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को परखा जाएगा और यदि इसमें कोताही बरती जा रही है तो ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। ठेकेदार के द्वारा समय वृद्धि के लिए आवेदन किया गया है परंतु अभी विभाग के द्वारा कोई स्वीकृति प्रदान नहीं की गई है।
बी के पाल अधिशासी अभियंता पेयजल निगम काशीपुर
मैं मौके पर जाकर सड़क मरम्मत कार्य की जांच करूंगा यदि ठेकेदार के द्वारा लापरवाही बढ़ती जा रही है तो शीघ्र इस पर कार्रवाई की। जाएगी कमल किशोर सहायक अभियंता पेयजल निगम काशीपुर
