क्षतिग्रस्त पुलिया दे रही हादसे को न्योता, जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग बेखबर
कुंडेश्वरी रोड स्थित महादेव नहर की पुलिया की हालत जर्जर, राहगीरों में दहशत

काशीपुर। कुंडेश्वरी रोड स्थित महादेव नहर पर बनी पुलिया इन दिनों हादसे को न्योता दे रही है। पुलिया का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूटने की कगार पर पहुंच गया है। सड़क किनारे मलबा बिखरा होने के साथ ही पुलिया की सुरक्षा दीवार में भी जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वजन वाहन, ट्रैक्टर, ई-रिक्शा और अन्य वाहन गुजरते हैं। क्षतिग्रस्त हिस्सा सड़क की ओर होने के कारण वाहनों के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यहां पूर्व में भी छोटी-मोटी दुर्घटनाएं और वाहन फिसलने की घटनाएं हो चुकी हैं।
बड़े हादसे के बाद जागेगा विभाग?
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिया की जर्जर स्थिति की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान कई बार दिलाए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। पुलिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोगों में आशंका है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने, मलबा हटाने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग को किसी बड़े हादसे और जनहानि का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।
जब इस संदर्भ में विवेक सक्सेना अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग काशीपुर से बात की गई तो उन्होंने अपने आप को व्यस्त होना बताकर फोन डिस्कनेक्ट कर दिया।
