रूद्रपुर, 24 फरवरी, 2026 – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित तीन दिवसीय जनगणना-2027 कार्यशाला प्रारम्भ हुई। कार्यशाला में जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यशाला में जनगणना अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक संवैधानिक गतिविधि है, जो भारतीय संविधान की संघ सूची के अंतर्गत तथा जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अनुसार संचालित की जाती है। उन्होंने कहा कि जनगणना लोकतंत्र की आधारशिला है, क्योंकि इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उपयोगी सिद्ध होते हैं, इसलिए जनगणना कार्य को गम्भीरता से लेते हुए सावधानी से त्रुटिहीन किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 वर्ष 1872 से अब तक की 16वीं तथा स्वतंत्रता के पश्चात 8वीं जनगणना होगी। यह जनगणना दो चरणों में संपन्न की जाएगी। प्रथम चरण में वर्ष 2026 में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी तथा द्वितीय चरण में वर्ष 2027 में जनसंख्या की गणना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का विवरण एक निर्धारित संदर्भ तिथि एवं समय के अनुसार दर्ज किया जाएगा।
उपनिदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय प्रवीन कुमार ने बताया कि जनगणना-2027 भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी जिसमें आंकड़ों का संकलन पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। प्रगणकों द्वारा “Census 2027–HLO” नामक विशिष्ट मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से परिवारों से जानकारी संकलित की जाएगी, जिसके लिए वे अपने स्मार्ट फोन का उपयोग करेंगे। इसके अतिरिक्त नागरिकों को एक निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें तथा प्रत्येक प्रावधान, प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझें, ताकि जनगणना कार्य शत-प्रतिशत शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य राष्ट्रीय महत्व का है और इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए,जो शंका हो उसका समाधान कार्यशाला में ही कर लें ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ,नगर आयुक्त शिप्रा जोशी समस्त तहसीलदार , जिला समन्वयक संख्याधिकारी, एवं अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
——————————————–
