कुमाऊं स्वीट्स का सीलबंद सोनपापड़ी के डिब्बों में बड़ा खेल! बिना जरूरी विवरण के बिक रही मिठाई, हरदीप शर्मा एडवोकेट ने उठाए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
काशीपुर। मिठाई के आकर्षक डिब्बे, बाहर से सील पैक और अंदर उपभोक्ता की सेहत से जुड़ी जानकारी नदारद! काशीपुर की कुंडेश्वरी रोड स्थित कुमाऊं स्वीट्स पर बिक रही सोनपापड़ी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी और बाजार में बिक रहे पैक्ड खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
हरदीप शर्मा एडवोकेट के अनुसार, उन्होंने 23 नवंबर 2026 को कुमाऊं स्वीट्स से सोनपापड़ी के चार सीलबंद डिब्बे खरीदे। इसके एवज में उन्हें 640 रुपये का पक्का बिल भी दिया गया। बिल के अनुसार चार डिब्बे सोनपापड़ी की बिक्री 160 रुपये प्रति डिब्बे की दर से की गई। खरीदारी का बिल और मिठाई के पैक्ड डिब्बों की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोनपापड़ी के डिब्बे पर निर्धारित विवरण वाले कॉलम में निर्माण तिथि (Manufacturing Date), बैच नंबर, बेस्ट बिफोर और नेट वजन जैसी जानकारियां खाली दिखाई दे रही हैं। पैकेजिंग पर उपभोक्ता को जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं होने से उत्पाद की वास्तविक निर्माण तिथि और उपयोग की सुरक्षित अवधि को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि दुकान के बिल पर FSSAI नंबर अंकित है, लेकिन पैकेट पर उसका स्पष्ट विवरण नहीं है।
हरदीप शर्मा एडवोकेट का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित होकर रह गई है। बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निरीक्षण और कार्रवाई के नाम पर वास्तविक जिम्मेदारी निभाने के बजाय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने विभागीय मिलीभगत और कथित हफ्ता वसूली के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में मिठाइयों की खपत तेजी से बढ़ती है। ऐसे में मिलावटी मावे, घटिया खाद्य सामग्री और बिना उचित विवरण वाले पैक्ड उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना खाद्य सुरक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सरकार एक ओर उपभोक्ता संरक्षण और खाद्य सुरक्षा के लिए योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर निगरानी व्यवस्था खाद्य सुरक्षा विभाग की कमजोरियां सामने आ रही हैं।
अब सवाल खाद्य सुरक्षा विभाग से है—क्या संबंधित मिठाई के पैकेट डिब्बे का नमूने लेकर जांच कराई जाएगी? क्या पैकेजिंग, निर्माता के लाइसेंस और बिक्री संबंधी अभिलेखों का सत्यापन होगा? और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?
हरदीप शर्मा एडवोकेट ने स्थानीय प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच, खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
जब इस संदर्भ में अल्पना शाह फूड इंस्पेक्टर काशीपुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जो शिकायत हरदीप शर्मा एडवोकेट के द्वारा की की गई थी वह सही पाई गई शिकायत के अलावा भी कई कमियां मौके पर देखी गई खुली मिठाई पर कोई भी बेस्ट बिफोर नहीं था जो कर्मचारी कार्यरत हैं उनकी मेडिकल नहीं दिखा पाए। फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि नमूने लेकर सील कर दिए गए हैं और नोटिस जारी कर कागजी कार्रवाई की औपचारिकता पूरी की गई है।
