अरविंद राव बने कुमाऊं संभाग के पहले सेवा प्रमुख
Share the Post

अरविंद राव बने कुमाऊं संभाग के पहले सेवा प्रमुख

आरएसएस ने संगठनात्मक विस्तार को दी नई दिशा, काशीपुर को मिली अहम जिम्मेदारी

काशीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 16 नवंबर को बरेली में संपन्न संघ की उच्चस्तरीय क्षेत्रीय बैठक में कार्यविस्तार की दृष्टि से नवीन रचना संभागार का गठन किया गया। इस नई व्यवस्था के तहत उत्तराखंड प्रांत में कुमाऊं संभाग और गढ़वाल संभाग अस्तित्व में आए हैं।

इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव में काशीपुर को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। लंबे समय से नैनीताल विभाग के सेवा प्रमुख का दायित्व संभाल रहे काशीपुर निवासी अरविंद राव को नवगठित कुमाऊं संभाग का प्रथम सेवा प्रमुख नियुक्त किया गया है।

कुमाऊं संभाग की पहली ही रचना में काशीपुर के कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से नगर के स्वयंसेवकों और संघ कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। घोषणा के बाद स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अरविंद राव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

अरविंद राव ने कहा कि भविष्य में सेवा कार्यों और संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संघ के विचारों और सेवा कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा।

काशीपुर से जुड़े कार्यकर्ता को मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर संघ के लिए भी एक उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

By admin