त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर उठे सवाल
बिजनौर की सोनपापड़ी-रसगुल्ले से लेकर मुरादाबाद के मावे तक, काशीपुर में गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें
काशीपुर। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही मिठाइयों की मांग बढ़ गई है, लेकिन इसी के साथ काशीपुर और जसपुर क्षेत्र में मिठाइयों एवं दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के बिजनौर क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गैर-ब्रांडेड एवं कथित निम्न गुणवत्ता वाली सोनपापड़ी, रसगुल्ले सहित अन्य मिठाइयां काशीपुर क्षेत्र में पहुंच रही हैं। वहीं, मुरादाबाद की ओर से भी बड़ी मात्रा में कथित घटिया गुणवत्ता का मावा-खोया काशीपुर में आने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की बिक्री कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। बावजूद इसके, बाहरी क्षेत्रों से आने वाली मिठाइयों और मावे की गुणवत्ता की नियमित जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सैंपलिंग और जांच की प्रभावी कार्रवाई की जाए तो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ को रोका जा सकता है।
दुकानदारों के दावों ने बढ़ाई चिंता
काशीपुर-जसपुर क्षेत्र के कुछ मिठाई दुकानदारों और डेयरी संचालकों की ओर से विभागीय कार्रवाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। कुछ दुकानदारों का दावा है कि मावा, खोया, डेयरी और मिठाई की दुकानों से विभागीय कार्रवाई के नाम पर कथित रूप से निजी व्यक्तियों के माध्यम से सुविधा शुल्क लिए जाने की चर्चा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित विभाग का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
यदि ऐसे आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करेगा, बल्कि त्योहारों के दौरान आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाएगा।
जनहित में उच्च अधिकारियों से की जाएगी शिकायत
अधिवक्ता महेंद्र सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ा मामला सीधे तौर पर आम जनता के स्वास्थ्य से संबंधित है। यदि खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में कहीं लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो इसे जनहित में गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर उच्च अधिकारियों के समक्ष बात रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर जांच एवं कार्रवाई की मांग की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग काशीपुर-जसपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और बाहर से आने वाले मावे-खोये की कितनी प्रभावी ढंग से जांच करता है। आम उपभोक्ताओं की मांग है कि विभाग केवल औपचारिक सैंपलिंग तक सीमित न रहे, बल्कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करे।
