द्रोणा सागर के छठे दीपोत्सव में हरदीप शर्मा एडवोकेट का विशेष सम्मान
Share the Post

द्रोणा सागर के छठे दीपोत्सव में हरदीप शर्मा एडवोकेट का विशेष सम्मान

सनातन संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के लिए संजय भाटिया की पहल की हुई सराहना

काशीपुर। ऐतिहासिक एवं धार्मिक तीर्थस्थल द्रोणा सागर में हिंदू राष्ट्र शक्ति संगठन के बैनर तले आयोजित छठे दीपोत्सव में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों दीपों से जगमगाता द्रोणा सागर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन पर स्वयं अयोध्या नगरी काशीपुर में उतर आई हो। भव्य दीपोत्सव एवं भजन संध्या में नगर एवं क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान हरदीप शर्मा एडवोकेट, हाई कोर्ट नैनीताल एवं सीईओ जय मां भारती संस्था को सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में उनके योगदान और सनातन संस्कृति के प्रति सक्रिय सहभागिता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए हरदीप शर्मा एडवोकेट ने दीपोत्सव के आयोजक एवं हिंदू राष्ट्र शक्ति संगठन के संस्थापक संजय भाटिया की इस अभिनव धार्मिक पहल की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि द्रोणा सागर जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल पर लगातार छठे वर्ष दीपोत्सव का आयोजन करना अपने आप में गौरव की बात है। आज जब समाज को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता है, ऐसे समय में संजय भाटिया द्वारा शुरू किया गया यह दीपोत्सव केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अभियान बन गया है।

हरदीप शर्मा एडवोकेट ने कहा कि संजय भाटिया और उनकी पूरी टीम ने जिस समर्पण, सेवा भावना और सकारात्मक सोच के साथ इस आयोजन को निरंतर आगे बढ़ाया है, उसके लिए वे हृदय से आभार और साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि समाज और सनातन धर्म के लिए निरंतर कार्य करने की ऐसी भावना निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।

इस अवसर पर हरदीप शर्मा एडवोकेट ने मां ज्वाला देवी से प्रार्थना करते हुए संजय भाटिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि मां ज्वाला देवी उन्हें इतनी शक्ति, ऊर्जा और सामर्थ्य प्रदान करें कि वे इसी प्रकार समाज, धर्म और सनातन संस्कृति की सेवा में निरंतर आगे बढ़ते रहें तथा काशीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते रहें।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर दीपक बाली ने प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा सहित अन्य गणमान्य लोगों के साथ द्रोणा सागर परिसर का भ्रमण कर दीपों की श्रृंखलाओं का अवलोकन किया और आयोजन की सराहना की। इस दौरान परिसर में चारों ओर दीपों की मनमोहक श्रृंखलाएं दिखाई दीं और श्रद्धालु परिवार सहित सेल्फी लेते नजर आए।

रामनगर से पधारे स्वामी शशांक भारद्वाज ने अपनी मधुर वाणी में भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर सैकड़ों श्रद्धालु झूम उठे। उन्होंने कहा कि अयोध्या ने भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को दीपावली जैसे महान पर्व की प्रेरणा दी है। प्रभु श्रीराम के वनगमन और अयोध्या आगमन से जुड़े प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने महापौर दीपक बाली को आशीर्वाद देते हुए कहा कि रघुनाथ जी उन्हें इतनी शक्ति दें कि काशीपुर पूरे उत्तराखंड में चमक उठे।

स्वामी शशांक भारद्वाज ने हिंदू राष्ट्र शक्ति संगठन के संस्थापक संजय भाटिया सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की अयोध्या के साथ काशीपुर में भी इस प्रकार का भव्य दीपोत्सव आयोजित होना सनातन संस्कृति के प्रति गहरी आस्था और उच्च संस्कारों का परिचायक है।

दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने “एक दिया मेरा भी प्रभु को समर्पित” के भाव के साथ दीप प्रज्वलित किए। दीपों की असंख्य श्रृंखलाओं और भजन संध्या की मधुर स्वर लहरियों से पूरा द्रोणा सागर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

आयोजन को सफल बनाने में हिंदू राष्ट्र शक्ति संगठन के संस्थापक संजय भाटिया, गौरव गुप्ता तथा संरक्षक मंडल के देवेंद्र अग्रवाल, केपी सिंह, शक्ति अग्रवाल, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, शोभित अग्रवाल, राजेश कुमार गोयल, अश्वनी छावड़ा, मुकेश चावला, योगेश बिश्नोई, सर्वेश बंसल, शशिकांत गुप्ता, सचिन अग्रवाल, मोहित मेहरोत्रा, मुकेश पाहवा, मनोज बाली, लक्ष्मण सिंह, मनोज अग्रवाल एवं मानिक गुप्ता सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान, विमल गुड़िया, संदीप सहगल एडवोकेट, सूर्य प्रताप सिंह चौहान, पार्षद दीपा पाठक, मयंक मेहता, संदीप सिंह मोनू, जितेंद्र देवांतक, अर्चना लोहनी, देवेंद्र कुमार जिंदल, प्रमोद अग्रवाल, डॉ. कीर्ति पंत, डॉ. सिरोही, प्रवेश कुमार गुप्ता, हरिओम अग्रवाल, जय नंदन प्रसाद शर्मा, विशंभर लाल, विदु शेखर शर्मा एडवोकेट, सनत पैगिया, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी सहित नगर एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि द्रोणा सागर का यह दीपोत्सव लगातार अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान मजबूत कर रहा है। पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद जी महाराज भी इस दीपोत्सव का शुभारंभ कर इसकी सराहना कर चुके हैं। छठे दीपोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सामूहिक आस्था, सनातन संस्कृति और सामाजिक सहभागिता से धार्मिक परंपराओं को नई ऊर्जा दी जा सकती है।

By admin