कथा व्यास और सहयोगी टीम को शॉल व पटका पहनाकर जय मां भारती संस्था ने किया सम्मानित
बरखेड़ा पांडे में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन
श्रद्धालुओं ने लिया भगवान कृष्ण की लीलाओं का आनंद, राधा-रुक्मिणी की झांकी ने मोहा मन
काशीपुर। ग्राम बरखेड़ा पांडे स्थित शिव मंदिर में नवरात्र के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 11 अक्टूबर से श्रीधाम गोवर्धन, मथुरा (उत्तर प्रदेश) से पधारे कथा व्यास श्री कन्हैया लाल जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं। कथा के 6 वें दिवस में धार्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर जय मां भारती संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरदीप शर्मा एडवोकेट, संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष किरन कुमार शर्मा तथा समाजसेवी एडवोकेट महेंद्र सिंह चौहान ने कथा व्यास श्री कन्हैया लाल जी महाराज एवं कथा आयोजन से जुड़ी पूरी टीम का शॉल और पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धा व्यक्त करते हुए राधारानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शिव मंदिर बरखेड़ा पांडे के मठाधीश बाबा ओमप्रकाश दास जी महाराज के दिशा-निर्देशन में कथा का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। आयोजन में ग्रामवासी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष कथा पंडाल में पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं।
कथा व्यास श्री कन्हैया लाल जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार और उनकी दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस दौरान राधा-रुक्मिणी की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आयोजन के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और भक्ति का संदेश प्रसारित हो रहा है। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।

