काशीपुर में खुले एनडीपीएस मामलों की सुनवाई के लिए विशेष न्यायालय, बार एसोसिएशन ने उठाई मांग
मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर काशीपुर, बाजपुर और जसपुर के लोगों को राहत देने की अपील
हरदीप शर्मा काशीपुर। एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए अब काशीपुर में ही विशेष न्यायालय स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। काशीपुर बार एसोसिएशन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर क्षेत्र में विशेष न्यायालय की स्थापना की मांग उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि स्थानीय स्तर पर न्यायालय बनने से वादकारियों और अधिवक्ताओं को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
ज्ञापन में कहा गया कि काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए रुद्रपुर जाना पड़ता है। इससे समय और धन की अतिरिक्त खपत होती है। काशीपुर में विशेष न्यायालय स्थापित होने से न्यायिक प्रक्रिया अधिक सुलभ होगी और संबंधित मामलों की सुनवाई में सुविधा मिलेगी।
बार एसोसिएशन ने काशीपुर के साथ बाजपुर और जसपुर क्षेत्र को भी इस व्यवस्था से जोड़ने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित को देखते हुए मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष गिरजेश खुल्वे, सचिव यशवंत सिंह चौहान, गौरव महरोत्रा और शुभम उपाध्याय उपस्थित रहे।
