नवरात्र पूजन की तैयारियों पर मंथन, बच्चों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ
नवरात्र पर 584 परिवार करेंगे मां की सामूहिक आराधना, बच्चों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ
काशीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना, गंगापुर गोसाई में जय मां भारती संस्था के तत्वावधान में नवरात्र पूजन की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें सोसाइटी के 584 परिवारों की सहभागिता से नवरात्र पर्व को सामूहिक रूप से मनाने तथा धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा हुई।
संस्था के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट हरदीप शर्मा ने कहा कि नवरात्र में सभी परिवार एकजुट होकर मां भगवती की आराधना करें, इसके लिए व्यवस्थित आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरदेश शर्मा ने बताया कि नवरात्र के दौरान सुबह मंत्रोच्चार के साथ माता की आरती तथा शाम को भजन-कीर्तन और नृत्य के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में राष्ट्रीय सचिव जसोदा शर्मा, एडवोकेट महेंद्र सिंह, नेहा सहित सोसाइटी के महिला-पुरुष मौजूद रहे।
वहीं, संस्था की ओर से प्रत्येक शनिवार शाम छह बजे बच्चों के लिए हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है। राष्ट्रीय सचिव जसोदा शर्मा के संचालन में होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक संस्कार, एकाग्रता, साहस और बुद्धिमत्ता जैसे गुणों का विकास करना है, ताकि वे अपने अध्ययन और दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें।

