SIR के बाद मतदाता सूची में अपना नाम व EPIC ID अवश्य जांचें: हिमांशु राजपूत
काशीपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के बाद सभी मतदाता अपने मतदाता पहचान पत्र (EPIC ID) और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की ऑनलाइन जांच अवश्य कर लें। समाजसेवी हिमांशु राजपूत ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने विवरण की पुष्टि करें और आवश्यकता होने पर संबंधित फॉर्म भरकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक एप डाउनलोड कर अपनी EPIC ID के माध्यम से विवरण जांच सकते हैं। यदि ऑनलाइन विवरण उपलब्ध नहीं होता है और “No Result Found” का संदेश आता है, तो पहले संबंधित BLO से जानकारी की पुष्टि करें। पात्रता के अनुसार नया पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम देश के किसी अन्य हिस्से की मतदाता सूची में दर्ज है और वे अपना पंजीकरण काशीपुर में स्थानांतरित कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें। मतदाता पहचान पत्र में नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन के लिए भी नियमानुसार फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है।
हिमांशु राजपूत ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ARO) की निर्धारित जांच एवं सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने पर ही आवेदन पर निर्णय लिया जाता है। उन्होंने मतदाताओं को सलाह दी कि वे अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में विशेष अभियान की निर्धारित तिथियां 8, 9 और 10 अक्टूबर हैं। इसलिए मतदाता 10 अक्टूबर तक उपलब्ध अभियान का लाभ उठाने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या आवेदन में सहायता के लिए हिमांशु राजपूत, समाजसेवी, काशीपुर से संपर्क किया जा सकता है।
