Share the Post

सांसद स्तरीय खेल महाकुंभ-2026 में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, फुटबॉल व बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन

रुद्रपुर, 24 सितम्बर 2026

 युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत सांसद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन आज स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विजेता खिलाड़ियों ने अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक वर्ग में फुटबॉल तथा बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं सांसद नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र श्री अजय भट्ट तथा विशिष्ट अतिथि विधायक रुद्रपुर श्री शिव अरोरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं पूरी लगन के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अतिथियों द्वारा खेल महाकुंभ-2026 की निर्धारित गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं।

जिला युवा कल्याण एवम् प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी बी एस रावत ने बताया कि अंडर-14 बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में किच्छा ने गदरपुर को 6-0 से, कालाढूंगी ने नैनीताल को 3-1 से, गदरपुर ने नानकमत्ता को पेनल्टी शूटआउट में 2-0 से, खटीमा ने बाजपुर को 1-0 से, हल्द्वानी ने काशीपुर को 3-1 से तथा रुद्रपुर ने कालाढूंगी को 3-0 से पराजित किया।

बैडमिंटन प्रतियोगिता में करन लोहनी (हल्द्वानी) ने प्रबल कार्की (रुद्रपुर) को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रबल कार्की ने द्वितीय तथा प्रियांशु नेगी (कालाढूंगी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में किच्छा ने जसपुर को 4-2 से, नैनीताल ने नानकमत्ता को 7-0 से, हल्द्वानी ने बाजपुर को 4-0 से, रुद्रपुर ने लालकुआं को 4-0 से तथा सितारगंज ने कालाढूंगी को 4-1 से पराजित किया।

अंडर-19 वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नैनीताल ने गदरपुर को 2-0 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का संचालन श्री हरीश डंगवाल एवं श्री धीरज पाण्डे द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं खेल विभाग से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अजय भट्ट, सांसद नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र एवं श्री शिव अरोरा, विधायक रुद्रपुर द्वारा विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती जानकी कार्की, जिला क्रीड़ा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर; श्री लक्ष्मण सिंह टाकुली, श्री नरेन्द्र सिंह माकिन, श्री गोविंद नारायण शर्मा, श्री चन्द्रधर जोशी, श्री कमल सक्सेना, श्री अमित कुमार सैनी, श्री मुकेश गौड़, श्री विपिन गौतम सहित विभागीय अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

खेल महाकुंभ-2026 के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से उभर रही खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

By admin