जनहित के मुद्दे उठाने पर जान-माल की धमकी का आरोप
अधिवक्ता हरदीप शर्मा ने बार एसोसिएशन को सौंपा पत्र, परिवार की सुरक्षा की मांग
काशीपुर। जनहित से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे अधिवक्ता हरदीप शर्मा ने अपने एवं अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर काशीपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष/सचिव को पत्र सौंपा है। पत्र में उन्होंने जनहित के मुद्दों को उठाने के कारण संबंधित व्यक्तियों की ओर से जान-माल की क्षति पहुंचाने तथा झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है।
अधिवक्ता हरदीप शर्मा के अनुसार वह काशीपुर बार एसोसिएशन के सदस्य हैं और सामाजिक एवं जनहित से जुड़े मामलों को विधिक स्तर पर उठाते रहे हैं। उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कथित अनियमितताओं और लाभार्थियों के हितों से जुड़े मामलों के साथ ही उद्यान विभाग के फलदार वृक्षों की कथित अवैध कटाई के मामले का उल्लेख किया है।

पत्र के मुताबिक, उद्यान विभाग के करीब 600 फलदार वृक्षों की कथित अवैध कटाई का मामला भी उनके द्वारा उठाया गया है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में उनके प्रयासों से 276 पेड़ों की कथित अवैध कटाई के मामले में एनजीटी दिल्ली द्वारा 67 लाख रुपये की पेनल्टी लगाए जाने का मामला सामने आया था। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना में चल रही कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लाभार्थियों का सहयोग करते हुए जांच की मांग शासन-प्रशासन स्तर पर किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।
हरदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि इन जनहित कार्यों के चलते उन्हें जान-माल की क्षति पहुंचाने और झूठे/मनगढ़ंत मामलों में फंसाने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनहित की आवाज उठाने वाले व्यक्ति को इस प्रकार दबाव में लाने का प्रयास होगा तो स्वतंत्र रूप से जनहित के मुद्दे उठाना कठिन हो जाएगा।
उन्होंने बार एसोसिएशन से प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए शासन-प्रशासन एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए पहल करने का अनुरोध किया है। साथ ही अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में विधिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जारी रहेगा। काशीपुर बार एसोसिएशन ने कार्यकारिणी की एक विशेष बैठक का आयोजन किया और उचित कार्यवाही करने का आश्वासन हरदीप शर्मा को दिया है।