584 फ्लैटों की कॉलोनी में अंधेरा, मूलभूत सुविधाओं के लिए निगम से गुहार
काशीपुर। गंगापुर गोसाई-कुंडेश्वरी रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की करीब 584 फ्लैटों वाली कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लाभार्थियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कॉलोनी में नियमित कूड़ा वाहन भेजने के साथ-साथ विद्युत पोलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग को लेकर नगर निगम काशीपुर से गुहार लगाई गई है।

लाभार्थियों का कहना है कि कॉलोनी का निर्माण करने वाली कंपनी एकेजी-जेवीजी (जेवी) की ओर से विद्युत पोलों पर आवश्यक प्रकाश व्यवस्था नहीं कराई गई। आरोप है कि नियमानुसार कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के तहत प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी, लेकिन सुविधा नहीं मिलने के कारण रात के समय कॉलोनी में अंधेरा छाया रहता है।
अंधेरे के कारण सुरक्षा का संकट
कॉलोनी के आसपास जंगल और खेती-बाड़ी का क्षेत्र होने के कारण बरसात के मौसम में सांप एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की आशंका बनी रहती है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कई बार सांप और अन्य जीव-जंतु कॉलोनी के घरों में भी प्रवेश कर चुके हैं। ऐसे में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने से बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य निवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
लाभार्थियों का कहना है कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण कंपनी द्वारा प्रकाश व्यवस्था नहीं कराए जाने के बाद अब थक-हारकर लाभार्थियों को नगर निगम काशीपुर से व्यवस्था कराने की गुहार लगानी पड़ रही है।
निर्माण कंपनी पर कार्रवाई की मांग
लाभार्थियों ने मांग की है कि कॉलोनी में तत्काल पर्याप्त स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही यदि निर्माण कंपनी की ओर से नियमानुसार आवश्यक प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई है तो संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और जिम्मेदारी तय की जाए।
पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना में नियमित कूड़ा वाहन भेजने की भी मांग की गई है। लाभार्थियों ने नगर निगम द्वारा निर्धारित कूड़ा संग्रहण शुल्क का भुगतान करने की सहमति भी जताई है। उनका कहना है कि 584 परिवारों की सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण को देखते हुए नगर निगम को मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
लाभार्थियों की ओर से मामले की जानकारी संबंधित उच्चाधिकारियों को भी भेजकर कॉलोनी का निरीक्षण कराने तथा मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग हरदीप शर्मा एडवोकेट के द्वारा नगर आयुक्त से वार्ता कर हल निकाल कर कूड़ा गाड़ी भेजने की प्रार्थना की।
इसके अलावा दीवान सिंह, नवदीप शर्मा, भोला नेगी, सुनीता पपने, मीना देवी, रजनी देवी, हंसा दत्त कांडपाल, राधा देवी, विनय कुमार, दीवान सिंह रावत, मुन्नी देवी, आशा देवी रेखा कांडपाल, इंदु मेहता, राधा, सुमन, आरती, किरन वर्मा, दीपांशु, खुशी, रवि कुमार के द्वारा मांग की गई है।