रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 12 नमूने जांच को भेजे
Share the Post

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 12 नमूने जांच को भेजे

काशीपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के 12 नमूने जांच के लिए एकत्र किए।

प्रेस नोट के अनुसार अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड के निर्देश और जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाया गया। टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के निर्माण की स्थिति, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।

अभियान के दौरान बाजपुर दोराहा क्षेत्र में वाहन से ले जाए जा रहे पनीर के दो नमूने लिए गए। वहीं एक अन्य स्थान से दही का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। काशीपुर में जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान रामनगर रोड स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया गया। गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इसके अलावा काशीपुर क्षेत्र में होटल एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। विभाग की ओर से बताया गया कि अभियान के तहत एकत्र किए गए सभी 12 नमूने राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य एवं पेय पदार्थों के निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन करने तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। खाद्य कारोबारियों को खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण संबंधी नियमों का पालन करने के साथ बिलों पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करने के निर्देश भी दिए गए।

विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट पर निर्माण तिथि, वैधता अवधि, लाइसेंस और अन्य आवश्यक जानकारी जरूर जांचें। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता संदिग्ध होने पर विभाग के टोल फ्री नंबर 18001804246 पर शिकायत की जा सकती है।

अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया।

By admin