काशीपुर में सड़क किनारे युवती का शव मिलने से सनसनी
धनौरी में रामनगर रोड किनारे मिला शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
सुभाष सिंह प्रतापपुर काशीपुर। ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में धनौरी के पास रामनगर रोड किनारे एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कांती के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 16 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव रामनगर रोड के किनारे कैसे पहुंचा। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।