उधम सिंह नगर। सचिव स्वास्थ्य महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम मे शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत सम्पूर्ण जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान मे स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित टीमों द्वारा गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से संपर्क कर बैठकों आदि के माध्यम से संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है ।
अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा गर्भवती महिलाओं को होम डिलीवरी के संभावित खतरों के प्रति सचेत करते हुए अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने की सलाह दी जा रही है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को सरकार की ओर से दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न योजनाओं के विषय मे भी बताया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रसव से पूर्व बर्थ प्लान के विषय मे भी आम जान मानस को जागरूक किया जा रहा है। जिसमें प्रसव के समय आवश्यक तैयारियां, अस्पताल जाने की व्यवस्था और जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ के के अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना और हर गर्भवती महिला का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना है, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को समाप्त किया जा सके।
