नव शक्ति परिवार संस्था के द्वारा छबील कार्यक्रम का आयोजन
Share the Post

काशीपुर। मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और जल ही जीवन है एकादशी के पावन पर्व पर काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित चैती चौराहे पर नव शक्ति परिवार, पत्रकार प्रेस परिषद एवं समाजसेवियों के सहयोग से ठंडा जल एवं मीठा शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस छबील कार्यक्रम में हजारों राहगीरों और राजगीरों ने ठंडा शरबत पीकर राहत महसूस की और ईश्वर का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे गुरु की अरदास के साथ हुई। इसके पश्चात सर्वप्रथम ईश्वर को जल अर्पित कर छबील सेवा प्रारंभ की गई। कार्यक्रम शाम 5 बजे तक लगातार चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजसेवियों, महिलाओं, पत्रकारों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और राहगीरों को ठंडा मीठा शरबत पिलाकर सेवा कार्य किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईटीआई कोतवाली के कोतवाल विक्रम सिंह राठौड़ ने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को इसका लाभ मिल सके और लोगों में सेवा भावना का विकास हो।

वहीं हीरो एजेंसी एवं काशीपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मुकेश मेहरोत्रा के पुत्र अर्पित मेहरोत्रा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी में जागरूकता पैदा करते हैं और मानव जीवन से प्रेम करना सिखाते हैं।

समाजसेवी प्रीति अरोरा ने कहा कि छबील का कार्यक्रम केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं होना चाहिए। जब भी अवसर मिले, समाज सेवा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है” और हमें पानी की हर बूंद का महत्व समझते हुए उसका संरक्षण करना चाहिए।

नव शक्ति परिवार की अध्यक्ष पूजा शर्मा ने कहा कि छबील केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में हमें अपनी छतों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करनी चाहिए, क्योंकि भूख और प्यास हर प्राणी को लगती है। यह कार्यक्रम हमें मानव सेवा के साथ-साथ पशु-पक्षियों से प्रेम और उनकी सेवा का भी संदेश देता है।

कार्यक्रम में नव शक्ति परिवार से जुड़ी महिलाओं, पत्रकार प्रेस परिषद के पत्रकारों एवं समाजसेवियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर एड हरदीप शर्मा, किशन गुप्ता, पुनीत कुमार शर्मा, जगदीश प्रकाश, पैट्रिक चरण बाबा, बकुल डोनाल्ड, नव शक्ति परिवार संस्था पूजा शर्मा राष्ट्रीय अध्यक्ष मीना कश्यप प्रीती, अरोरा, सीमा जैस, नेहा चौहान, प्रियंका मिश्रा, मीना शर्मा, मीना चौहान, डिंपल कंबोज, सीता देवी, उषा शर्मा, बबीता गुप्ता, रितु गुप्ता सहित अनेक पत्रकार एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सेवा और संस्कार से जुड़े आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि हमारी वैभवशाली संस्कृति आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सके।

By admin