पंतनगर, 07 अप्रैल 2026 — महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के रतन सिंह ऑडिटोरियम में अमर उजाला द्वारा आयोजित न्यूज रीडिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महामहिम ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने खटीमा के दीपांशु गहतोड़ी को प्रथम (रूपये 1 लाख), नैनीताल के दिव्यम अग्रवाल को द्वितीय (रूपये 75 हजार) तथा हल्द्वानी के यथार्थ मेहरा को तृतीय (रूपये 50 हजार) पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि युवा पीढ़ी विकसित भारत–2047 के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है और विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा, अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों का विकास ही राष्ट्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र पढ़ने की आदत से भाषा कौशल, सामान्य ज्ञान और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होता है तथा यह बच्चों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा देता है।
राज्यपाल ने तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए विद्यार्थियों से मोबाइल और ऑनलाइन गेम की लत से दूर रहने, पुस्तकों से जुड़ने, निरंतर सीखते रहने तथा “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारपूर्ण आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एएसपी उत्तम सिंह नेगी, सम्पादक हल्द्वानी यूनिट प्रेम प्रताप सिंह, महाप्रबंधक हल्द्वानी यूनिट अमित सिंह, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित अनेक विद्यार्थी, अभिभावकगण एवं शिक्षक मौजूद थे।
———————————————–
