Share the Post

रूद्रपुर 21 फरवरी, 2026 – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं जनपद में हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग को दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बताते हुए परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाने, प्रमुख मार्गों एवं चेकपोस्टों पर नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ व एसपी क्राइम को निर्देश देते हुए कहा कि तेज गति से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण हेतु दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने, स्पीड मॉनिटरिंग बढ़ाने तथा प्रभावी चालान कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।

मदिरा पान कर वाहन चलाने की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नियमित रूप से ब्रीथ एनालाइजर जांच अभियान चलाए जाएं तथा ऐसे मामलों में तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने पूर्व में संचालित सत्यापन अभियान को पुनः आगामी सोमवार से प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस व्यापक सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से अवांछित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी तथा अवैध अतिक्रमण जैसे प्रकरणों का भी संज्ञान लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निकट भविष्य में होली एवं रमज़ान जैसे पवित्र त्यौहार आने वाले हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि सभी समुदायों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित संवाद बनाए रखें, ताकि आपसी सौहार्द एवं शांति कायम रहे और सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए काह कि शस्त्रों के अवैध उपयोग एवं दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने तथा लाइसेंसी शस्त्रों का समय-समय पर सत्यापन कराना सुनिश्चित किया जाये। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि द्विपक्षीय भूमि संबंधी विवादों के त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निस्तारण को गंभीरता से लेकर अग्रिम कार्यवाही करे तथा अनावश्यक विलंब से बचे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय, एसपी क्राइम जितेन्द्र चौधरी, उपजिलाअधिकारी ऋचा सिंह व अन्य संबंधित उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से, सीओ प्रशांत कुमार, एआरटीओ मोहित कोठारी, प्रभारी खनन अधिकारी मनीष कुमार आदि उपस्थित थे।

—————————————–

By admin