Share the Post

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड मस्तू दास ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

रूद्रपुर 20 फरवरी, 2026-जनपद के जिला सभागार, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड, मस्तू दास की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित इआरओ/ निर्वाचन रजिस्ट्रीकारण अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान श्री दास ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील बताते हुए निर्देशित किया कि SIR से संबंधित सभी अभिलेख, प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेज सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखे जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जांच, आपत्ति अथवा स्पष्टीकरण की स्थिति में तत्परता से सुस्पष्ट उत्तर प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विधि-सम्मत प्रक्रिया के अंतर्गत संपादित किये जाने के निर्देश दिये।

मतदाता सूची में नाम विलोपन की कार्यवाही के संदर्भ में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने हेतु पर्याप्त समय एवं अवसर प्रदान किया जाए। किसी भी मतदाता के अधिकारों का हनन न हो, यह सुनिश्चित किया जाना सभी बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में SIR मैपिंग कार्य की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिन बीएलओ की SIR में मैपिंग अधिक लंबित पाई गई, उनसे कारणों की जानकारी ली गई तथा मैपिंग कार्य में शीघ्रता लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज पाया जाता है, तो नियमानुसार यह सुनिश्चित किया जाए कि एक स्थान से नाम विधिवत हटाया गया हो, जिससे मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हो सकी है, उनके संबंध में स्पष्ट टिप्पणी दर्ज की जाए कि मैपिंग न होने का कारण क्या है। बिना कारण अंकित किए कोई भी प्रविष्टि अधूरी न छोड़ी जाए।

श्री दास ने निर्देश दिए कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों की मैपिंग एक ही बूथ पर सुनिश्चित की जाए। यदि किसी कारणवश परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं, तो आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें संबंधित सही बूथ पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए तथा बीएलओ से मैपिंग संबंधी आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में विस्तार से चर्चा कर उनका मार्गदर्शन किया।

बैठक के अंत में उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पण, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे मतदाता सूची पूर्णतः त्रुटिरहित एवं अद्यतन रूप में तैयार हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाअधिकारी अमृता शर्मा, गौरव पाण्डेय, अभय प्रताप सिंह, तुषार सैनी, राहुल शाह, रिचा सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी, तहसीलदार, पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

 

——————————————-

By admin