Share the Post

टीबी उन्मूलन में उधम सिंह नगर को राज्य में द्वितीय स्थान

राज्यपाल द्वारा सम्मानित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता

रूद्रपुर 25 मार्च, 2026- टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जनपद उधम सिंह नगर ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। इस सराहनीय उपलब्धि के लिए जनपद को महामहिम राज्यपाल जनरल गुरमीत सिंह (सेनि0) द्वारा मंगलवार को लोक भवन देहरादून में स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखण्ड की ओर से आयोजित विश्व टीबी दिवस के अवसर पर 100 दिन सघन टीबी उन्मूलन अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 केके अग्रवाल को सम्मानित किया गया।

यह सम्मान टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनभागीदारी बढ़ाने, रोगियों की समय पर पहचान, नियमित निगरानी, पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियानों के सफल क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप प्राप्त हुआ है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 के0के0 अग्रवाल के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समन्वित प्रयास करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में टीबी रोगियों के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया गया है तथा उपचार के प्रत्येक चरण पर सतत फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे रोगमुक्ति दर में निरंतर सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनसामान्य के सहयोग और समर्पण का परिणाम है। जनसहभागिता के बिना इस प्रकार की सफलता संभव नहीं है।

जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करने का संकल्प दोहराया गया है, ताकि पूर्णतः टीबी मुक्त जनपद को बनाया जा सके।

——————————————–

By admin